
गांधीनगर। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का सहज स्वभाव और बच्चों से अपनापन एक बार फिर सामने आया। बनासकांठा जिले के पीएम उत्तमपुरा (डांगिया) अनुपम प्राइमरी स्कूल में उन्होंने खुद पहुंचकर एक मासूम बच्ची सम्या प्रजापति से किया वादा पूरा किया।
पिछले साल स्कूल प्रबंधन समिति के साथ वीडियो वार्ता में पहली कक्षा की सम्या ने पूछा था, ‘दादाजी, आप हमारे स्कूल कब आओगे?’ इस मासूम सवाल पर भावुक हुए सीएम ने वचन दिया कि वे जरूर मिलेंगे।
शनिवार को वादा निभाते हुए पटेल स्कूल पहुंचे। उन्होंने बच्चों से गर्मजोशी से बात की, पढ़ाई, स्कूल सुविधाओं और शिक्षा प्रणाली की बारीकी से जानकारी ली। सम्या की आंखों में खुशी के आंसू थे। उसने कहा, ‘दादा ने मेरी बात याद रखी, सपना सच हो गया।’
सम्या ने श्लोक सुनाकर सबको प्रभावित किया। मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद देते हुए कहा, ‘मन लगाकर पढ़ो, कलेक्टर बनो और मुझसे मिलने आना।’ बच्ची ने पूरे आत्मविश्वास से वादा किया।
यह घटना पूरे गुजरात के लिए प्रेरणा बनी। ग्रामीण शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में यह कदम सराहनीय है, जो बच्चों में बड़े सपने जगाता है।