
अहमदाबाद के कर्णावती क्लब में शुक्रवार को इंस्टीट्यूट ऑफ टाउन प्लानर्स इंडिया ने 74वें नेशनल टाउन एंड कंट्री प्लानर्स कॉन्फ्रेंस का आगाज किया। एसजी हाईवे स्थित इस भव्य आयोजन का उद्घाटन सुबह 9:30 बजे आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव कटिकिथला श्रीनिवास ने किया।
गुजरात की नगरीय विकास मंत्री दर्शना बेन वाघेला, उत्तर प्रदेश के सलाहकार केशव वर्मा, आईटीपीआई अध्यक्ष प्रदीप कपूर समेत शीर्ष योजनाकार मौजूद रहे। ‘सक्रिय क्षेत्रीय योजना से विकसित भारत’ थीम पर सतत शहरीकरण, समावेशी विकास और सीमित भूमि पर भविष्य की आबादी के लिए रणनीतियों पर गहन विमर्श हुआ।
मंत्री वाघेला ने कहा कि तेज शहरीकरण के दौर में वैज्ञानिक योजना अनिवार्य है। आधुनिक बुनियादी ढांचा, हरित क्षेत्र, यातायात प्रबंधन, आवास और सुविधाओं पर विस्तृत बातचीत हुई। देशभर के विशेषज्ञों के साथ चर्चा लाभदायक रही।
श्रीनिवास ने गुजरात मॉडल की सराहना की। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी का दृष्टिकोण गहन है। 50 प्रतिशत आबादी शहरी हो जाएगी, जो 75-80 प्रतिशत जीडीपी देगी। युवा शक्ति का योगदान महत्वपूर्ण होगा। केंद्र सरकार मेयर, कमिश्नरों से निरंतर संवाद रखती है। मंत्री मनोहर लाल के सम्मेलन चरणबद्ध विकास सुनिश्चित करते हैं।
यह आयोजन विकसित भारत@2047 की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ।
