
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में शुक्रवार को खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ बल्लेबाजी का अनोखा प्रदर्शन किया। नौ विकेट खोकर 411 रन ठोककर टीम इंडिया ने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। यह टूर्नामेंट के प्लेऑफ मुकाबले में पहली बार 400 रन का आंकड़ा पार हुआ है, जो भारत ने ही हासिल किया।
यह स्कोर अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का दूसरा सबसे बड़ा योग है। 2016 में नामीबिया के खिलाफ 349/6 का पुराना प्लेऑफ रिकॉर्ड भी भारत का ही था, जिसमें ऋषभ पंत ने 111 रनों की तूफानी पारी खेली थी। अब भारत ने तीसरी बार 400 रन का जादू दिखाया – 2024 में स्कॉटलैंड के विरुद्ध 425/3 और 2022 में युगांडा के खिलाफ 405/5।
ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों पर 15 चौकों व 15 छक्कों की मदद से 175 रन जड़े। कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ 90 गेंदों में 142 रन और वेदांत त्रिवेदी संग 39 गेंदों में 89 रनों की साझेदारी की। म्हात्रे 51 गेंदों में 53, अभिज्ञान कुंडू 40 रन बनाकर लौटे। कनिष्क चौहान ने अंतिम ओवरों में 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन ठोके।
इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने तीन विकेट लिए, सेबेस्टियन मॉर्गन व एलेक्स ग्रीन को दो-दो जबकि मैनी लम्सडेन को एक सफलता मिली। सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के 311 रनों का सफल पीछा करने वाली भारतीय टीम ने अब इंग्लैंड को कठिन चुनौती दी है। क्या इंग्लैंड इस विशाल स्कोर का पीछा कर पाएगा?