
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधनी में शुक्रवार को शहजाद टाउन के तरलाई इलाके स्थित इमाम बारगाह में भयंकर धमाका हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हमले में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। यह शिया धार्मिक स्थल पर किया गया कायराना हमला माना जा रहा है।
धमाके की आवाज पूरे इलाके में गूंज उठी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा बलों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया। पुलिस, रेस्क्यू टीमें और बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वायड बचाव कार्य में जुट गए हैं। आसपास के इलाकों को पूरी तरह सील कर दिया गया है ताकि जांच सुचारू रूप से हो सके।
इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों – पॉलीक्लिनिक, पीआईएमएस और सीडीए अस्पताल – में इमरजेंसी घोषित कर दी गई। पीआईएमएस के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के आदेश पर ऑर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी विभागों को सक्रिय किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार करीब 10 घायलों को पीआईएमएस में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य को विभिन्न अस्पतालों में ले जाया जा रहा है।
यह घटना नवंबर 2025 में जी-11 इलाके के जिला कोर्ट के बाहर हुए सुसाइड ब्लास्ट के महज कुछ महीनों बाद हुई है, जिसमें 12 लोग मारे गए थे। एक दिन पहले ही आईएसपीआर ने 216 आतंकियों के खात्मे का दावा किया था। इस टाइमिंग ने सुरक्षा एजेंसियों के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिया समुदाय ने हमले की कड़ी निंदा की है और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। अधिकारी जांच तेज कर रहे हैं, लेकिन यह हादसा पाकिस्तान में बढ़ते आतंकवाद का स्पष्ट संकेत है। बचाव अभियान जारी है, पीड़ितों के लिए प्रार्थनाएं हो रही हैं।