
नई दिल्ली। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए गए बयान का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने गांधी परिवार द्वारा गांधी उपनाम अपनाने को उनकी सबसे बड़ी भ्रांति बताया। आईएएनएस से बातचीत में खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करती रही है और दूसरों की पहचान उधार लेकर अपना बना लेती है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, ‘किसी और का सरनेम लेकर अपने नाम से जोड़ लेना और फिर खुद को उसका वारिस समझना, यही गांधी परिवार की सबसे बड़ी गलतफहमी है। प्रधानमंत्री ने जो कहा, वह बिल्कुल सही है।’ पीएम मोदी ने संसद में गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए महात्मा गांधी का सरनेम चुराने का आरोप लगाया था।
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी के बयानों पर खंडेलवाल ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि रेड्डी को पहले यह सोचना चाहिए कि वे शासन की गरिमा और नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं। उनकी सोच और राजनीतिक स्तर उनके बयानों से झलकता है। खंडेलवाल के मुताबिक, उनकी सरकार ने राजनीति की मर्यादा बनाए रखने में कोर कसर बरती, जिससे जनता परेशान है।
मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ पर खंडेलवाल ने कहा कि अभी तो सिर्फ घोषणा हुई है। फिल्म की पूरी जानकारी, कहानी, नाम का कारण और सेंसर सर्टिफिकेट आने तक टिप्पणी ठीक नहीं। अगर यह तथ्यपरक हो और मंजूरी मिले, तो हस्तक्षेप की कोई जरूरत नहीं।
मेघालय कोयला खदान हादसे पर दुख प्रकट करते हुए खंडेलवाल ने मृतकों के परिजनों को संवेदना दी। उन्होंने राज्य सरकार से गहन जांच, दोषियों को सजा और उचित मुआवजे की मांग की।
ओवैसी के विवादित बयानों पर उन्होंने कहा कि असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने ‘मिया’ शब्द के संदर्भ को स्पष्ट कर दिया है। ओवैसी सुर्खियों के लिए राजनीति चमकाते हैं, बेहतर होगा कि अपने इलाके के विकास पर ध्यान दें।