
जालंधर के मॉडल टाउन में गुरुद्वारा साहिब के बाहर शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना ने पूरे पंजाब को हिलाकर रख दिया। आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। दिन के उजाले में हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है।
लकी को कई गोलियां मारी गईं, जिनके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा न सके। इस हत्या ने राजनीतिक सरगर्मियां तेज कर दी हैं। शिरोमणि अकाली दल के सरपरस्त सुखबीर सिंह बादल ने आप सरकार पर तीखा प्रहार किया है।
एक्स पर पोस्ट में सुखबीर ने लिखा, ‘आम आदमी पार्टी की ‘जीरो फियर’ सरकार में पंजाब खून से तरबतर हो चुका है। अब तो उनके अपने नेता भी सुरक्षित नहीं। जालंधर में गुरुद्वारे के बाहर लकी ओबेरॉय की हत्या इसका जीता-जागता सबूत है।’
उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि साल के पहले हफ्ते में 9 हत्याएं हुईं, जबकि जनवरी में करीब 25। ये वारदातें कोर्ट परिसरों, बाजारों, शादी स्थलों से लेकर गुरुद्वारों तक हो रही हैं। पंजाब पुलिस का गैंगस्टर्स के खिलाफ अभियान कहां है? यह अराजकता है, शासन नहीं। भगवंत मान कुर्सी के लायक नहीं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एडीसीपी जयंत परी ने बताया कि जांच सभी कोणों से हो रही है। राजनीतिक रंजिश या निजी दुश्मनी के पहलू भी टटोले जा रहे हैं। इलाके में भय का माहौल है, और सरकार पर सवाल तेज हो गए हैं।