
अहमदाबाद में अदाणी मंगल सेवा ने अपने पहले वर्ष को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए 500 दिव्यांग महिलाओं को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रत्येक को 10 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट देकर मासिक आय और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
एक वर्ष पूर्व 5 फरवरी को दिवा और जीत अदाणी की शादी के दौरान इस पहल की घोषणा हुई थी। अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित यह कार्यक्रम 25 से 40 वर्ष की दिव्यांग महिलाओं पर केंद्रित है, जिनकी पहचान यूथ फॉर जॉब्स ने की। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से ये डिपॉजिट 10 वर्ष बाद परिपक्व होंगी।
अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने एक्स पर पोस्ट साझा कर भावुक हो कहा कि यह संकल्प आज भी उतने ही समर्पण से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लिखा, ‘जब किसी बेटी के चेहरे पर मुस्कान लौटती है, तो दुनिया की सारी उपलब्धियां फीकी पड़ जाती हैं।’ पिता के नाते वे खुद को धन्य मानते हैं।
शांतिग्राम के बेल्वेडियर क्लब लॉन में आयोजित समारोह में डॉ. प्रीति अदाणी ने कहा कि व्यक्तिगत सुख का असली मोल समाज हित में साझा करने पर है। इस दौरान सशक्तिकरण की कहानियों वाली पुस्तक का विमोचन भी हुआ।
पांच वर्षों तक चलने वाली इस योजना के लिए प्रतिवर्ष 50 करोड़ का बजट है। यह न केवल आर्थिक सहायता है, बल्कि परिवारों में नई आशा का प्रतीक बनी हुई है।