
पटना। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने पवन सिंह के बयान पर दिल खोलकर बात की। पवन ने तेजस्वी से न मिलने की बात कही थी, जिस पर खेसारी ने कहा कि किसी पर जोर नहीं दिया जा सकता। अगर कोई नहीं मिलना चाहे तो उनकी अपनी पसंद है।
खेसारी ने शांति से प्रतिक्रिया दी, ‘हमारा घर उनके मिलने से नहीं चलता, न उनका हमसे। मेहनत से ही तो हम यहां पहुंचे। फैंस का प्यार अच्छे काम से मिलता है।’ उन्होंने पुराने रिश्ते को याद किया, ‘मैंने हमेशा पवन भैया को बड़ा भाई माना। चुनाव हो या विवाद, परिवार की तरह साथ दिया। लेकिन अब मिलना-न मिलना उनकी मर्जी।’
पवन के अंतरिक्ष वाले तंज पर खेसारी बोले, ‘अच्छी बात है। पिछड़े समाज का लड़का स्पेस में गाना बजाएगा, उनके आशीर्वाद से कोशिश करेंगे।’ रवि किशन की पैर छूने वाली आलोचना पर उन्होंने संस्कारों का हवाला दिया, ‘सम्मान मेरी पहचान है। पिता के चरण आज भी स्पर्श करता हूं। यह कर्तव्य है।’
अंत में खेसारी ने कहा, ‘पवन साथ दें या न दें, दुनिया जानती है हमारा भाईचारा। लड़ते-झगड़ते बड़ा हुआ हूं, बातों से छोटा नहीं होता।’ यह बयान भोजपुरी जगत में चर्चा का विषय बन गया।