
नई दिल्ली में चल रही एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारत ने अपनी ताकत का परिचय दिया। मेजबान देश ने 10 गोल्ड मेडल हासिल कर सभी को हैरान कर दिया। विश्व चैंपियन सम्राट राणा और वर्ल्ड कप विजेता सुरुचि सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में सिल्वर मेडल जीतकर दिन की शुरुआत की।
उनकी जोड़ी ने क्वालिफिकेशन में 583 अंकों के साथ टॉप किया था, लेकिन फाइनल में उज्बेकिस्तान की निगीना सैदकुलोवा और मुखम्मद कमालव ने 481.3 के स्कोर से 479.6 पर सिमटे भारत को हरा दिया। जूनियर महिला वर्ग में रश्मिका सहगल ने 237.9 अंकों से गोल्ड और वंशिका चौधरी ने 236.7 से सिल्वर जीता।
यूथ कैटेगरी में प्रियांशी पूर्वा ने 234.8 और चाहक कोहला ने 233.0 अंकों से 1-2 फिनिश हासिल की। टीम इवेंट्स में रश्मिका, वंशिका और अगम ग्रेवाल ने 1714 अंकों से जूनियर टीम गोल्ड जीता, जबकि प्रियांशी, चाहक और शिक्षा सरन ने 1709 से यूथ गोल्ड पर कब्जा जमाया।
कजाकिस्तान को दोनों टीम इवेंट्स में सिल्वर मिला। भारत का कुल तालिका में दबदबा है, उज्बेकिस्तान तीन गोल्ड के साथ दूसरे स्थान पर। शुक्रवार को मिक्स्ड टीम पिस्टल और पुरुष एयर राइफल फाइनल्स होंगे, जहां भारत और कमाल की उम्मीदें बरकरार हैं।