
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्षी दलों द्वारा महिला सांसदों के आक्रामक विरोध पर एनडीए के सांसदों ने तीखी आपत्ति जताई है। भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने इसे बेहद शर्मनाक बताया और कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान करने के लिए महिलाओं को ढाल बना रहा है। यह न केवल प्रधानमंत्री का बल्कि संसद और लोकतंत्र का भी अपमान है।
गुप्ता ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री महिलाओं को देश की नींव मानते हैं और उनके उत्थान के लिए कदम उठा रहे हैं, वहीं विपक्ष वंशवादी राजनीति से प्रेरित होकर गंदे हथकंडे अपना रहा है। भाजपा सांसद मयंकभाई नायक ने इसे संसदीय परंपराओं पर कलंक बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिकायतें हो सकती हैं, लेकिन विरोध का सही तरीका अपनाना चाहिए।
साक्षी महाराज ने राहुल गांधी और विपक्ष को हार के सदमे में संसद को सड़क बनाने का दोषी ठहराया। अरुण गोविल ने विरोध की पूर्वनियोजित तैयारी पर घिनौना बताया। टीडीपी सांसद लावू श्री कृष्ण देवरायलु ने पोस्टर-बैनर लाने की निंदा की और सदन में मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने इसे घटिया हरकत करार देते हुए कहा कि हंगामा करके विपक्ष खुद अपराधी साबित हो रहा है। यह घटना संसद सत्र में बढ़ते तनाव को दर्शाती है, जहां एनडीए मर्यादा की मांग कर रहा है।
