
चिंगदाओ (चीन)। बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप (बीएटीसी) के महिला वर्ग में गत चैंपियन भारत को थाईलैंड के हाथों 2-3 से हार का मुंह देखना पड़ा। ग्रुप वाई के इस रोमांचक मुकाबले में गुरुवार को थाईलैंड ने शानदार वापसी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया, लेकिन भारत ने भी दूसरी पोजीशन के साथ क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
भारतीय टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। वर्ल्ड नंबर 42 तन्वी शर्मा ने वर्ल्ड नंबर 16 बुसानन ओंगबामरुंगफान को 21-14, 17-21, 21-18 से हराया। यह संघर्षपूर्ण मैच एक घंटे तीन मिनट चला।
इसके बाद गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली की जोड़ी ने थाई जोड़ी को 21-14, 20-22, 21-11 से मात देकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।
थाईलैंड ने जोरदार जवाब दिया। रक्षिता रामराज को 19 वर्ष की पिचामोन ओपटनिपुथ ने 21-19, 21-17 से शिकस्त दी। फिर हथैथिप मिजाद और नपापकोर्न तुंगकासतन ने तनीषा क्रास्टो-श्रुति मिश्रा को 21-19, 14-21, 15-21 से हराकर स्कोर 2-2 कर दिया।
निर्णायक मुकाबले में पोर्नपिचा चोइकीवोंग ने मालविका बंसोड़ को 21-18, 21-14 से धूल चटा दी, जिससे थाईलैंड ग्रुप में नंबर वन बना।
बीएटीसी थॉमस-उबर कप के लिए एशियाई क्वालीफायर है। भारत महिला उबर कप के रक्षक हैं। पुरुष टीम 2016-2020 में कांस्य जीत चुकी। बुधवार को भारत ने म्यांमार को 5-0 से रौंदा था।
क्वार्टर फाइनल में भारत की वापसी देखने लायक होगी।