
हॉकी इंडिया ने एफआईएच मेन्स प्रो लीग 2025-26 के राउरकेला चरण के लिए 24 खिलाड़ियों की भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। यह मुकाबले 10 से 15 फरवरी तक ओडिशा के बिरसा मुंडा इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आयोजित होंगे।
खास तौर पर ओडिशा के 21 वर्षीय रोशन कुजूर को सीनियर टीम में पहला मौका मिला है। वे चेन्नई में हुए एफआईएच जूनियर वर्ल्ड कप 2025 में ब्रॉन्ज जीतने वाली भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा थे। घरेलू मैदान पर भी उन्होंने वेदांता कलिंगा लांसर्स के लिए शानदार योगदान दिया, जिसने हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025-26 का खिताब जीता।
टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन है। पंजाब के मनमीत सिंह को भी लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर जगह मिली। हेड कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, ‘युवा प्रतिभाओं और सीनियर अनुभव का यह मिश्रण रोमांचक है। बेल्जियम व अर्जेंटीना मजबूत हैं, लेकिन हम पूरी ताकत से खेलेंगे।’
गोलकीपर सूरज करकेरा व पवन, डिफेंडर अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, मिडफील्डर हार्दिक सिंह, राजिंदर सिंह व फॉरवर्ड अभिषेक, मंदीप सिंह जैसे सितारे टीम को मजबूत बनाते हैं। राउरकेला में शीर्ष टीमों से भिड़ंत के साथ भारत का लक्ष्य शानदार प्रदर्शन करना है। ओडिशा के प्रशंसक उत्साहित हैं।