
केरल के पलक्कड़ में साउथ पुलिस ने बुधवार रात एक सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया। तरबूजों से लदी मिनी लॉरी में छिपाकर ले जाए जा रहे हजारों विस्फोटकों की भारी खेप जब्त कर ली गई। यह घटना पलक्कड़ गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के निकट याक्कारा सर्विस रोड पर करीब 9 बजे हुई।
साउथ इंस्पेक्टर विपिन कुमार को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी। संदिग्ध लॉरी को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन भगा लिया। पुलिस ने पीछा किया और अंततः उसे घेर लिया।
तलाशी में तरबूजों के नीचे 100 से अधिक बॉक्स मिले, जिनमें 18 हजार जिलेटिन स्टिक और 4,800 डेटोनेटर भरे थे। ये खतरनाक विस्फोटक खदानों में इस्तेमाल होते हैं। बम स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर सामग्री को सुरक्षित किया।
तमिलनाडु के सेंथिल कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि माल धारापुरम के थुप्पूर से त्रिशूर ले जा रहा था। पुलिस को बड़े गिरोह का शक है और गहन जांच जारी है।
पिछले साल भी इसी रूट पर 40 हजार स्टिक जब्त हो चुके हैं। मामला हर दिशा से खंगाला जा रहा है।