
मुंबई की चकाचौंध भरी दुनिया में एक सच्चे प्यार की कहानी का ट्रेलर आ गया है। मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी अभिनीत आगामी फिल्म ‘दो दीवाने शहर में’ का ट्रेलर बुधवार को रिलीज हो गया, जो परी कथाओं से हटकर वास्तविक भावनाओं से भरे रिश्ते को दर्शाता है।
दो मिनट के इस ट्रेलर में शहर की भागमभाग के बीच दो अधूरे व्यक्तियों की मुलाकात दिखाई गई है, जो एक-दूसरे को पूरा करने की होड़ में नहीं लगते, बल्कि धीरे-धीरे समझ बढ़ाते हैं। गलतफहमियां, समाज का दबाव और अपनी कमजोरियां जैसे तत्व इसे और वास्तविक बनाते हैं।
मृणाल ने इंस्टाग्राम पर ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा, ‘हर प्रेम कथा परफेक्ट नहीं होती, लेकिन कुछ बेहद खूबसूरत जरूर होती हैं। इस प्यार भरी कहानी का हिस्सा बनें। ‘दो दीवाने शहर में’ का ट्रेलर रिलीज। इस वैलेंटाइन्स पर प्यार और गहरा होगा। 20 फरवरी को सिनेमाघरों में।’
रवि उद्यावर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को संजय लीला भंसाली प्रोड्यूस कर रहे हैं। प्रेरणा सिंह, उमेश कुमार बंसल, भरत कुमार के अलावा इला अरुण, जॉय सेनगुप्ता, आयेशा रजा, संदीपा धर जैसे कलाकार भी हैं। यह फिल्म 20 फरवरी को रिलीज हो रही है, जो वैलेंटाइन स्पेशल के रूप में दर्शकों को बांध लेगी।