
पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की रहस्यमयी मौत ने बिहार सरकार को हरकत में ला दिया है। मामले की सीबीआई से जांच कराने की सिफारिश के साथ ही महिला छात्रावासों के लिए व्यापक सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने सभी एसपी को पत्र भेजकर 24×7 महिला वार्डन की उपस्थिति, स्टाफ का पुलिस सत्यापन और मुख्य द्वार से लेकर गलियारों तक सीसीटीवी लगाने का आदेश दिया है। रिकॉर्डिंग 30 दिनों तक सुरक्षित रखनी होगी।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि महिलाओं का शिक्षण और आत्मनिर्भरता समाज के लिए अनिवार्य है। सरकार स्कूलों, कॉलेजों और आवासों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कटिबद्ध है।
अब हर हॉस्टल का पंजीकरण जरूरी, थानों पर पूरी जानकारी महिला हेल्प डेस्क संभालेगी। पर्याप्त रोशनी, मजबूत ताले, जालीदार खिड़कियां, बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य। विजिटर रजिस्टर में आधार के साथ रिकॉर्ड, कमरों में पुरुष प्रवेश बंद।
आपातकालीन पोस्टर थाना, हेल्प डेस्क, अभया ब्रिगेड और 112 नंबर के साथ लगेंगे। नियमित जांच और तत्काल कार्रवाई का वादा। छात्राओं की सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।