
निर्देशक अनुभव सिन्हा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर जारी हो गया है। थप्पड़ और मुल्क जैसी सशक्त फिल्मों के बाद यह नई कोर्टरूम ड्रामा रोजमर्रा की परेशानियों और महिलाओं पर अत्याचारों की अनदेखी कहानियों को बयां करती नजर आ रही है।
तापसी पन्नू ट्रेलर में एक निडर वकील के रूप में चमक रही हैं, जो न्याय के लिए हर मोर्चे पर लड़ती हैं। लगभग तीन मिनट के इस टीजर की शुरुआत ही बेचैन करने वाली है, जिसमें कनी कुसरुति भावुक केंद्र बिंदु हैं। तेज जांच, कोर्ट की जंगें और नैतिक सवालों का दौर चलता है, जो समाज की जिम्मेदारी पर सीधा प्रहार करता है।
फिल्म में रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अय्यूब मुख्य भूमिकाओं में हैं, तो नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक व सीमा पाहवा स्पेशल अपीयरेंस देंगे। यह कानूनी लड़ाई से कहीं आगे समाज की काली सच्चाइयों को उजागर करती है।
भूषण कुमार ने कहा, ‘टी-सीरीज सार्थक कहानियों का साथ देती है। ‘अस्सी’ रोज की हकीकतें सामने लाती है। अनुभव का निर्देशन और तापसी का अभिनय सच्चा है।’ अनुभव बोले, ‘फिल्म दिल को छूती है, खबरों से प्रेरित। तापसी इसके लिए बनी हैं।’
तापसी ने कहा, ‘ऐसी कहानियां अब बोलनी जरूरी हैं। अपराध सामान्य नहीं, हमारी खामोशी इसका कारण है। शूटिंग में भावुक हो गई।’ टी-सीरीज और बनारस मीडिया वर्क्स की यह फिल्म 20 फरवरी को रिलीज होगी।