
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को घोषणा की कि राज्य में डिफेंस कॉरिडोर स्थापित किया जाएगा। इससे न केवल औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए लाखों नौकरियों के द्वार भी खुलेंगे।
चौधरी ने अपने पटना स्थित आवासीय कार्यालय में रक्षा मंत्रालय के अध्ययन दौरे पर आए राष्ट्रीय सुरक्षा अकादमी (एनडीए) के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों से लंबी चर्चा की। डिफेंस कॉरिडोर की रूपरेखा, संभावनाओं और प्रभावों पर गहन बातचीत हुई।
उन्होंने इसे बिहार के औद्योगिक व सामरिक उत्थान का महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 50 लाख से ज्यादा नौकरियां दी हैं। आने वाले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार का लक्ष्य है।
सरकार का उद्देश्य है कि बिहारवासी बाहर न घूमें, बल्कि घर में ही बेहतर अवसर पाएं। इसी कड़ी में गया के डोभी में विशाल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित हो रहा है। भागलपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र और सेमीकंडक्टर पार्क भी बन रहे हैं।
डिफेंस कॉरिडोर बिहार को रक्षा क्षेत्र में अग्रणी बनाएगा। डबल इंजन सरकार राज्य को उद्योग-रोजगार का केंद्र बनाने के लिए कटिबद्ध है। यह बैठक उस दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।