
अहमदाबाद। अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अंबुजा सीमेंट्स ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के शानदार नतीजे घोषित किए। अक्टूबर-दिसंबर में शुद्ध मुनाफा पिछले साल के मुकाबले 258 प्रतिशत चढ़कर 3,781 करोड़ रुपये पहुंच गया।
कंपनी ने रिकॉर्ड 18.9 मिलियन टन की बिक्री मात्रा हासिल की, जो सालाना 17 प्रतिशत अधिक है। राजस्व में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि ईबीआईटीडीए 53 प्रतिशत बढ़कर 1,353 करोड़ रुपये हो गया।
नेटवर्थ 361 करोड़ रुपये बढ़कर 69,854 करोड़ रुपये पर पहुंची। कंपनी कर्जमुक्त है और क्रिसिल व केयर से शीर्षस्थ रेटिंग प्राप्त है। पूंजीगत व्यय के लिए पर्याप्त नकदी उपलब्ध है।
सबसे बड़ा कदम एसीसी और ओरिएंट सीमेंट का अंबुजा में विलय, जिससे ‘वन सीमेंट प्लेटफॉर्म’ बनेगा। यह विकास को गति, परिचालन को मजबूत और मूल्य सृजन को बढ़ावा देगा।
मारवाड़ में 2.4 एमटीपीए ग्राइंडिंग यूनिट शुरू होने से कुल क्षमता 109 एमटीपीए हो गई। 225 मेगावाट सौर संयंत्र चालू कर नवीकरणीय ऊर्जा 898 मेगावाट पहुंची, जो वित्त वर्ष 27 तक 1,122 मेगावाट होगी।
सीईओ विनोद बाहेती ने कहा कि रिकॉर्ड वॉल्यूम, प्रीमियम बिक्री और लागत नियंत्रण से प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर प्रदर्शन हुआ। बिक्री लागत में 2 प्रतिशत की कमी आई, जिससे प्रति टन ईबीआईटीडीए मजबूत रहा।
अंबुजा सीमेंट्स अब सीमेंट उद्योग में अग्रणी स्थिति के लिए तैयार है।