
चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर संबंधी बयान पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने भाई कन्हैया जी का उदाहरण देकर पानी बांटने की बात को सिख इतिहास के साथ छेड़छाड़ करार दिया।
एक्स पर पोस्ट में सुखबीर ने कहा कि भगवंत मान का हरियाणा को पंजाब का नदी का पानी सौंपने को भाई कन्हैया जी से जोड़ना अपमानजनक है। दसवें पातशाह ने दया को आशीर्वाद दिया, लेकिन अपने हक के लिए संघर्ष भी सिखाया। युद्ध में प्यासे को पानी देना एक बात है, पंजाब की जीवन रेखा को लुटाने का काम दूसरा।
उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री सिख इतिहास को तोड़-मरोड़ने के लिए माफी मांगें। यह दान का मुद्दा नहीं, पंजाब के जल अधिकारों की लड़ाई है। सुखबीर ने आरोप लगाया कि भगवंत पूर्व कांग्रेस सीएम दरबारा सिंह की राह पर हैं, जिन्होंने इंदिरा गांधी के आगे घुटने टेक दिए थे।
अकाली दल इस धोखे को बर्दाश्त नहीं करेगा, उन्होंने चेतावनी दी। पंजाब सरकार ने एसवाईएल को डिनोटिफाई कर किसानों को जमीन लौटाकर मुद्दे का स्थायी समाधान किया था।
हरियाणा सीएम नायब सैनी से बैठक के बाद भगवंत ने कहा था कि मुद्दा पुराना है, सकारात्मक चर्चा हुई। गुरुओं की सीख पर चलते हुए हम भाई कन्हैया के वंशज हैं, जिन्होंने दुश्मनों को भी पानी पिलाया। हरियाणा भाई है, दुश्मन नहीं।
पंजाब का जल विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। यह टकराव राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।