
चंडीगढ़। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पंजाब पुलिस ने राज्यव्यापी फ्लैग मार्च आयोजित कर सुरक्षा घेरी को और मजबूत किया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के सख्त निर्देशों पर पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में विशेष अभियान चलाया, ताकि 26 जनवरी के सभी आयोजन बिना किसी विघ्न के संपन्न हों।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने पुलिस आयुक्तों, एसएसपी और थाना प्रभारियों को फील्ड में डटे रहने का आदेश दिया। विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि सीपी और एसएसपी के नेतृत्व में टीमों ने कमजोर क्षेत्रों में मार्च निकाले। इससे जनता का भरोसा बढ़ा और पुलिस की सतर्कता का संदेश गया।
शुक्ला के मुताबिक, पूरे पंजाब में सुरक्षा पहले से कड़ी है। 20 हजार से ज्यादा जवान तैनात हैं। भीड़भाड़ वाली जगहों पर एसपी स्तर के अधिकारीयों की देखरेख में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाए गए। तलाशी के दौरान विनम्रता बरतने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान जारी है। 330वें दिन 50 तस्कर पकड़े गए, 150 ग्राम हेरोइन और 376 नशीली गोलियां बरामद। कुल 46,443 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। आठ लोगों को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया।
राज्य में असामाजिक तत्वों और ड्रग माफिया पर नजर। फ्लैग मार्च से साफ है कि पंजाब गणतंत्र दिवस पर पूरी तरह तैयार है।