
गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार को रंगिया में हुई कांग्रेस की राजनीतिक सभा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने इसे पार्टी की आंतरिक अव्यवस्था और राज्य की सांस्कृतिक मूल्यों से दूरी का स्पष्ट प्रमाण बताया।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें इस सभा की जानकारी बाद में मिली, जब वायरल तस्वीरों और वीडियो ने उन्हें हैरान कर दिया। ‘वहां कोई संगठन या अनुशासन नहीं, सिर्फ़ अफरा-तफरी दिखी,’ उन्होंने कहा।
सरमा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस असम की परंपराओं और सामाजिक संवेदनाओं से लगातार दूर हो रही है। ऐसी घटनाएं राज्य में सद्भाव के लिए खतरा हैं। उन्होंने असम की राजनीति को सांस्कृतिक सम्मान पर आधारित रखने की वकालत की।
चुनावों में कांग्रेस को हराना असम और देश के हित में है, यह कहते हुए उन्होंने मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही, कांग्रेस और रायजोर दल के बीच गठबंधन की भविष्यवाणी की, जिसमें मिया समुदाय की अहम भूमिका होगी।