
मथुरा। वृंदावन के अक्षय पात्र में आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का हार्दिक स्वागत किया। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को एक साथ सुना। ब्रज की पावन धरा पर नबीन का पहला आगमन आनंद का क्षण साबित हुआ।
मुख्यमंत्री ने ‘राधे-राधे’, ‘हर हर महादेव’, ‘भारत माता की जय’ जैसे उद्घोषों से संबोधन शुरू किया। उन्होंने नितिन नबीन को युवा शक्ति का प्रतीक बताते हुए उनकी बिहार विधानसभा में पांच बार विधायक रहने और संगठन के विभिन्न पदों पर योगदान की सराहना की। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
ब्रजभूमि प्राचीन काल से तीर्थराज है। मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन आदि स्थल सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यहां का प्रत्येक कण श्रीकृष्ण-राधारानी की लीला से ओतप्रोत है। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि होने से अंत्योदय की भावना भी जुड़ी है। पीएम के प्रेरणा से यह क्षेत्र आध्यात्मिकता के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
योगी ने कहा कि यूपी अब पिछड़ा राज्य नहीं, बल्कि देश की आर्थिक शक्ति बन गया है। पांच वर्षों से राजस्व अधिशेष वाला राज्य है। डबल इंजन सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से साकार कर रही है। सुरक्षा, कल्याण योजनाएं गरीब से लेकर महिलाओं, किसानों तक बिना भेदभाव पहुंच रही हैं।
युवाओं को अब पहचान का संकट नहीं। वे गर्व से कहते हैं- मैं यूपी का हूं। पहले अपमान होता था, अब विकास के रथ पर सवार होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं। नौ वर्षों में मोदी नेतृत्व में यूपी ने नए आयाम गढ़े हैं। कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा से भविष्य निर्माण में जुटेंगे।