
भारत का डिजिटल पेमेंट सिस्टम यूपीआई अब वैश्विक पटल पर तेजी से छा रहा है। निक्केई एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान में भारतीय पर्यटकों के लिए यूपीआई शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। एनटीटी डेटा और एनपीसीआई वित्त वर्ष 2026 में जापान में इसका ट्रायल करेंगे।
इससे भारतीय पर्यटक जापानी दुकानों पर यूपीआई से भुगतान कर सकेंगे, और राशि सीधे उनके भारतीय बैंक खातों से कटेगी। दोनों देशों के पेमेंट सिस्टम को जोड़ने पर काम चल रहा है।
जापान में भारतीय पर्यटकों की संख्या 2025 में 3.15 लाख रही, जो पिछले साल से 35 प्रतिशत अधिक है। मैकिन्से का अनुमान है कि 2040 तक भारत से 9 करोड़ यात्री विदेश जाएंगे।
2016 में शुरू यूपीआई ने वित्त वर्ष 2024 में 185.8 अरब लेनदेन दर्ज किए, जो 42 प्रतिशत की उछाल है। आईएमएफ ने इसे दुनिया का सबसे बड़ा रीयल-टाइम सिस्टम कहा। आठ देशों में पहले से सक्रिय, अब पेरू-नामीबिया को मदद।
भारत में 2024 के 58 प्रतिशत रिटेल पेमेंट यूपीआई से हुए, 2030 तक 76 प्रतिशत का लक्ष्य। एनटीटी डेटा भारत की 60 लाख दुकानों को सेवा दे रही है। यह कदम यूपीआई को एशिया में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।