
अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान ने कहर बरपा रखा है। शनिवार सुबह तक कम से कम 16 राज्यों ने आपातकाल की घोषणा कर दी है। इस तूफान के कारण हवाई यात्रा पूरी तरह ठप हो चुकी है, जिसमें रविवार के लिए 5100 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, यह संख्या लगातार बढ़ रही है।
प्रभावित राज्यों में डेलावेयर, मिसौरी, अर्कांसस, लुइसियाना, मिसिसिपी, टेनेसी, अलबामा, जॉर्जिया, नॉर्थ कैरोलिना, साउथ कैरोलिना, वर्जीनिया, न्यूयॉर्क, केंटकी, मैरीलैंड, न्यू जर्सी और कैंसस शामिल हैं। इन राज्यों ने बर्फबारी, हिमखंडों और ठंड से निपटने के लिए संसाधन जुटाने और राहत कार्य तेज कर दिए हैं।
शनिवार सुबह 2 बजे तक रविवार की 5100 से ज्यादा उड़ानें कैंसल हो चुकी हैं, जबकि शुक्रवार रात से अब तक 1000 अतिरिक्त उड़ानें रद्द की गईं। शनिवार के लिए भी 3200 उड़ानें प्रभावित हो चुकी हैं। यह आंकड़े पिछले साल ट्रंप सरकार के शटडाउन के दौरान रिकॉर्ड 1900 उड़ानों के कैंसिलेशन से कहीं अधिक हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर तूफान की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पूरे देश में रिकॉर्ड ठंड और बर्फीला तूफान आ रहा है। ट्रंप प्रशासन राज्य और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। फेडा पूरी तरह तैयार है। व्हाइट हाउस के अनुसार, राष्ट्रपति को लगातार अपडेट दिए जा रहे हैं।
फेडा ने 28 अर्बन सर्च एंड रेस्क्यू टीमें तैनात करने को तैयार रखी हैं। दक्षिण और पूर्वी क्षेत्रों में पहले से ही 70 लाख भोजन पैकेट, 20 लाख लीटर पानी, 6 लाख कंबल और 300 जनरेटर पहुंचा दिए गए हैं। बिजली कटौती और सड़कें बंद होने की आशंका को देखते हुए ये इंतजाम किए गए हैं। नागरिकों से अपील है कि सतर्क रहें और निर्देशों का पालन करें।