
नई दिल्ली। भारत रत्न से सम्मानित बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहन श्रद्धा के साथ उन्हें याद किया। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए पीएम ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की सादगी और जनसेवा के प्रति निष्ठा हमेशा प्रेरणादायी बनी रहेगी।
उन्होंने लिखा, ‘बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को उनकी जयंती पर सादर नमन। समाज के शोषित, वंचित एवं कमजोर वर्गों का उत्थान उनकी राजनीति का मूल रहा। उनकी सादगी और सेवा भाव सदैव स्मरणीय है।’
पीएम मोदी ने अपने एक भाषण का अंश भी साझा किया जिसमें उन्होंने कहा, ‘कर्पूरी ठाकुर सादगी के प्रतीक थे। उनका जीवन सामाजिक न्याय और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनकी ईमानदारी आज भी मिसाल है। मां भारती के अनमोल रत्न थे वे। हमारी सरकार को उन्हें भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला।’
मोदी ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार कर्पूरी ठाकुर को प्रेरणा पुंज मानती है। वंचितों को प्राथमिकता, पिछड़ों को वरीयता और गरीब सेवा का संकल्प हमारा मार्गदर्शन कर रहा है।
इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘सामाजिक न्याय के पुरोधा भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को जयंती पर नमन। वंचितों, पिछड़ों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षण व्यवस्था कर उन्होंने आदर्श स्थापित किए।’
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, ‘सामाजिक न्याय, समता और जनकल्याण के उनके संघर्ष से प्रेरणा मिलती रहेगी।’
कर्पूरी ठाकुर बिहार की राजनीति में पिछड़े वर्गों के मसीहा के रूप में विख्यात हैं। उनकी जयंती प्रत्येक वर्ष सामाजिक समानता की याद दिलाती है।