
उज्जैन। ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज अब बस दो दिन दूर है। फिल्म का प्रचार जोर-शोर से चल रहा है और एडवांस बुकिंग में डेढ़ करोड़ की कमाई हो चुकी है। इसी उत्साह के बीच अभिनेता सुनील शेट्टी बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे। उन्होंने खासकर बेटे अहान शेट्टी की फिल्म की सफलता के लिए प्रार्थना की।
महाकालेश्वर मंदिर में सुनील शेट्टी ने लाल चंदन का तिलक लगाया। नंदी महाराज के पास बैठकर वे लंबे समय तक भगवान के सामने हाथ जोड़े रहे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘परिवार की सेहत के लिए तो हमेशा प्रार्थना करता हूं, लेकिन इस बार अहान की ‘बॉर्डर 2′ रिलीज हो रही है। निधि दत्ता ने प्रोड्यूस की है, जो मेरी बेटी समान हैं। बस यही दुआ है कि फिल्म हिट हो और दर्शकों का ढेर सारा प्यार मिले। एक फिल्म की सफलता से कई परिवार चलते हैं।’
23 जनवरी को रिलीज होने वाली यह फिल्म 150-200 करोड़ के बजट में बनी है। पांच गाने रिलीज हो चुके हैं, जिनमें सोनू निगम का ‘मिट्टी के बेटे’ सोशल मीडिया पर छा गया है। यह गाना सीमावर्ती सैनिकों के बलिदान को श्रद्धांजलि देता है। आइकॉनिक गाना ‘संदेश आते हैं’ भी चार गायकों की आवाज में शामिल है।
1997 की ‘बॉर्डर’ ने देशभक्ति की लहर पैदा की थी। अब देखना है कि इसका सीक्वल कितना जादू बिखेरता है। सुनील का यह दर्शन फिल्म से जुड़े सभी के मनोबल को बढ़ाने वाला है।