
झारखंड की राजधानी रांची के पास स्थित पतराहातू गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जंगली लकड़बग्घा स्कूल परिसर में घुस आया। उस वक्त सरकारी स्कूल में 50 से अधिक बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। लकड़बग्घे को देख बच्चों और शिक्षकों में दहशत फैल गई, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे एक कमरे में बंद कर दिया। शिक्षकों ने भी तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रांची के बिरसा मुंडा जैविक उद्यान से एक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने लकड़बग्घे को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के बाद जानवर को जांच के लिए जैविक उद्यान ले जाया गया है।
