रांची के बेड़ो में खलिहान में लगी आग, धान की फसल जलकर खाक – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

रांची के बेड़ो में खलिहान में लगी आग, धान की फसल जलकर खाक

राजधानी रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र के हरिहरपुर जामटोली पंचायत के बिरनीबेड़ा गांव में धान की फसल जलकर खाक हो गई। बताया गया कि खलिहान में रखा करमा उरांव का 9 गांज धान जलकर राख हो गया। इस घटना से किसान का परिवार मर्माहत है। साल भर की मेहनत को जलता देखकर किसान के स्वजनों के आंखों से आंसू छलक रहे थे। घटना बुधवार की शाम की है।

इस आगजनी की घटना में करमा उरांव को 20 हजार रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। करमा का कहना है कि इस वर्ष धान की अच्छी फसल हुई थी। जो इस अगलगी में राख हो गई। अब पूरे साल परिवार का भरण पोषण कैसे करेंगे। इधर, आगजनी की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया सुनील कच्छप ने किसान करमा उरांव को प्रखंड प्रशासन से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि किसी असामाजिक तत्व ने ही खलिहान में आग लगाई है।