
त्रिशूर नगर निगम चुनाव 2025 के शुरुआती रुझानों में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने 21 वार्डों में मजबूत बढ़त बना ली है। मतों की गिनती जारी है और जनता का फैसला धीरे-धीरे स्पष्ट हो रहा है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने छह वार्डों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। खास बात यह है कि इन छह वार्डों में से चार पर NDA ने 2020 के पिछले चुनावों में जीत हासिल की थी, जिससे इस बार के मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) दूसरे स्थान पर है और नौ सीटों पर आगे चल रहा है। BJP की बात करें तो, वह पूनकुन्नम, पट्टुरइकल, पल्लिकुलम, थेक्किनकाडु, कोट्टपुरम और वडुक्कर जैसे महत्वपूर्ण वार्डों में आगे है। इन वार्डों में BJP का प्रदर्शन विशेष रूप से देखा जा रहा है, क्योंकि पिछले चुनाव में उन्होंने इनमें से चार पर जीत दर्ज की थी।
यह गिनती केवल त्रिशूर नगर निगम तक ही सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के 941 ग्राम पंचायतों के 17,337 वार्डों, 87 नगर पालिकाओं के 3,240 वार्डों और छह नगर निगमों (तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, कोच्चि, त्रिशूर, कोझिकोड और कन्नूर) के 421 वार्डों के लिए भी हो रही है।
चुनाव आयोग के अनुसार, नव-निर्वाचित पंचायत सदस्यों और नगर पालिका पार्षदों को 21 दिसंबर को सुबह 10 बजे शपथ दिलाई जाएगी। वहीं, नगर निगम पार्षदों की शपथ ग्रहण सेरेमनी 21 दिसंबर को ही सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी।
