
हॉकी एशिया कप में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। चीन के हांगझोऊ में चल रहे इस टूर्नामेंट में, भारत ने पूल बी के एक मुकाबले में सिंगापुर को 12-0 से करारी शिकस्त दी और सुपर-4 में प्रवेश किया। इस मैच में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा, जिसमें नवनीत कौर और मुमताज खान ने हैट्रिक लगाई। नवनीत ने 14वें, 18वें और 28वें मिनट में गोल किए, जबकि मुमताज खान ने दूसरे, 32वें और 38वें मिनट में गोल दागे। नेहा ने 11वें और 38वें मिनट में, लालरेम्सियामी ने 13वें मिनट, शर्मिला देवी ने 45वें मिनट और रुतुजा पिसल ने 52वें मिनट में गोल करके भारत की जीत सुनिश्चित की। भारत ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है, पहले थाईलैंड को 11-0 से हराया था और डिफेंडिंग चैंपियन जापान के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला था।
