बिजली चोरों पर सख्त हुआ JBVNL, चेंकिंग अभियान में पकड़े जाने पर लगाया जा रहा जुर्माना, नहीं देने पर दर्ज होगा सर्टिफिकेस केस – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

बिजली चोरों पर सख्त हुआ JBVNL, चेंकिंग अभियान में पकड़े जाने पर लगाया जा रहा जुर्माना, नहीं देने पर दर्ज होगा सर्टिफिकेस केस

झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड का बिजली चोरों और बकायेदार के खिलाफ सख्‍त होता जा रहा है। लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पकड़े जाने पर जुर्माना लगाया जा रहा है। जुर्माना राशि जमा नहीं करने पर सर्टिफिकेट केस दर्ज किया जा रहा है। राज्‍य में बिजली चोरी को कतई बर्दाश्‍त नहीं करने की बात कही गई है।

05 Jan 2024

मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड का बिजली चोरों और बकायेदार के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान सख्त हो गया है। अभियान के क्रम में कड़ी कारवाई निरंतर जारी है। इसे लेकर सभी स्थानों पर छापेमारी दल गठित कर गांव से लेकर शहरी क्षेत्र में कार्रवाई की जा रही है। गठित दल बकायेदार उपभोक्ताओं को बिल जमा करने का निर्देश दे रहा है। चोरी करते पकड़े जाने पर कार्रवाई कर रहा।

बिजली चोरों पर लग रहा लाखों का जुर्माना

विभाग ने दिसंबर माह में मेदिनीनगर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में कुल 545 छापेमारी की है। 158 लोगों पर बिजली चोरी की प्राथमिकी संबंधित थाना में दर्ज की गई है। बिजली चोरों पर 26 लाख जुर्माना लगाया गया। बिजली बिल जमा नहीं करने वाले 337 विद्युत उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काटा गया। इन सब पर कुल 124.12 लाख रुपया बिजली बिल बकाया था।

ग्रामीण इलाकों में होती है बिजली की ज्यादा चोरी

पलामू जिले के ग्रामीण इलाकों में शहरी इलाकों की बनिस्बत बिजली चोरी ज्यादा होती है। मेदिनीनगर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अंतर्गत तीन अवर प्रमंडल आते है। इसमें मेदिनीनगर ग्रामीण, पाटन ग्रामीण और मेदिनीनगर शहरी अवर प्रमंडल शामिल है। नवंबर माह में मेदिनीनगर ग्रामीण अवर प्रमंडल में कुल 375 छापेमारी की गई। इसमें 114 विद्युत उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी की गई। सभी पर 18.80 लाख रुपया जुर्माना लगाया गया। कुल 148 विद्युत उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काटा गया। इन पर 70.42 लाख रुपया बिजली बिल बकाया था।

पाटन ग्रामीण अवर प्रमंडल में कुल 105 छापेमारी की गई। इसमें 28 विद्युत उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। सभी पर 5.12 लाख रुपया जुर्माना लगाया गया। कुल 130 विद्युत उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काटा गया। इन पर 34.99 लाख रुपया बिजली बिल बकाया था।

मेदिनीनगर शहरी अवर प्रमंडल में कुल 65 छापेमारी की गई। इसमें 16 विद्युत उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज की गई। सभी पर 2.07 लाख रुपया जुर्माना लगाया गया। कुल 59 विद्युत उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काटा गया। इन सब पर 18.71 लाख रुपया बिजली बिल बकाया था।

किसी भी सूरत में चोरी बर्दाश्त नहीं, जारी रहेगा अभियान

मेदिनीनगर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता शंभूनाथ चौधरी ने कहा कि झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के निर्देश के आलोक में बकाया बिल की वसूली व चोरी राकने को लेकर सख्ती की जा रही है। बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी विभाग लगातार ऐसी कार्रवाई करता रहेगा। हम उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली देने के लिए तैयार हैं। इसके लिए उपभोक्ता को ईमानदारी से बिजली बिल अदा करना चाहिए। इससे यह प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित होती रहेगी है। उन्होंने कहा कि जुर्माना की राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर सर्टिफिकेट केस किया जाएगा।