मंडरा रहा जेएन1 वेरिएंट का खतरा, पर वैक्सीन का धनबाद में स्टॉक नहीं, कार्यालय के चक्कर काट रहे लोग – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

मंडरा रहा जेएन1 वेरिएंट का खतरा, पर वैक्सीन का धनबाद में स्टॉक नहीं, कार्यालय के चक्कर काट रहे लोग

देशभर में कोरोना के नए वेरिएंट जेएन1 का खतरा मंडरा रहा है। एक तरफ विभाग ने अलर्ट जारी किया है तो दूसरी ओर पिछले 10 महीने से धनबाद में कोरोना वैक्सीन का स्टॉक नहीं है। धनबाद में 20 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसमें 17 लाख लोगों ने पहले डोज का टीका लगाया है।

25 Dec 2023

धनबाद : कोरोना वायरस के नए वेरिएंट जेएन1 के बढ़ते मामले को देखते हुए एक और विभाग ने अलर्ट जारी किया है, तो दूसरी ओर पिछले 10 महीने से जिले में कोरोना वैक्सीन का स्टॉक नहीं है।अब देश में कोरोना के मामले सामने आने के बाद टीका नहीं लेने वाले लोग सिविल सर्जन कार्यालय और सदर अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं। सिविल सर्जन कार्यालय आकर लोग टीका के बारे में जानकारी ले रहे हैं। ज्ञात हो कि धनबाद में फरवरी 2023 में वैक्सीन की अंतिम खेप की आपूर्ति हुई थी। इसके बाद से वैक्सीन की आपूर्ति नहीं हो पाई। तब से स्टॉक खाली पड़ा हुआ है।

3 लाख लोगों ने नहीं लिया है एक भी टीका

धनबाद में 20 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसमें 17 लाख लोगों ने पहले डोज का टीका लगाया है। जबकि 12 लाख लोगों ने दूसरे डोज का टीका लगवाया है। ऐसे में 3 लाख लोगों ने अभी तक एक भी टीका नहीं लिया है। जबकि लगभग 5 लाख लोगों ने दूसरे डोज का टीका नहीं लिया है। टीका नहीं लेने वाले लोग अब टीका के लिए कार्यालय और अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं।

400 लोगों की अब तक गई है जान

कोरोनावायरस के कारण धनबाद में अब तक 400 लोगों की जान गई है। इसमें अधिकांश वैसे मरीज है जो दूसरी गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे। जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग के प्रभारी डॉ राजकुमार सिंह ने बताया कि कोरोनावायरस को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बाहर से आने वाले लोगों की भी निगरानी की जा रही है।