पूर्व राष्ट्रपति डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर एकेटीयू में उनकीप्रतिमा पर किया गया माल्यार्पण, दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

पूर्व राष्ट्रपति डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर एकेटीयू में उनकीप्रतिमा पर किया गया माल्यार्पण, दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि

डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम की सातवी पुण्य तिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार मिश्र सहित कुलसचिव श्री नंदलाल सिंह, आईटी बीएचयू के पूर्व निदेशक प्रो0 एसएन उपाध्याय ने पुस्तकालय स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। इस मौके पर कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार मिश्र ने डॉ0 कलाम के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कहा कि देश के महान वैज्ञानिक और राष्ट्रपति होते हुए भी डॉ0 कलाम बेहद सरल, सहज और विनम्र थे। उन्हें अपने पद का कोई अहम नहीं था। उनका पूरा व्यक्तित्व अनुकरणीय है। कहा कि उनके सपनों का भारत बनाने की जिम्मेदारी अब हमारे कंधों पर है। यदि हम लोग मिलकर उनके सपनों को साकार करने में अपनी भूमिका निभाते हैं तो सही मायने में यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को एक घंटे निशुल्क पढ़ाने की जिम्मेदारी दी। कहा कि जिस तरह डॉ0 कलाम वैज्ञानिक और राष्ट्रपति होते हुए भी एक शिक्षक की भी भूमिका में रहे उसी तरह हम सब भी अपनी जिम्मेदारियों के साथ एक शिक्षक का दायित्व भी निभा सकते हैं। आईटी बीएचयू के पूर्व निदेशक प्रो0 एसएन उपाध्याय ने कहा कि डॉ0 कलाम की सीख हमारे जीवन को बदल सकती है। युवाओं को उनके सपने को साकार करने में अपना योगदान देना चाहिए। कुलसचिव श्री नंदलाल सिंह ने कहा कि यह हम सब के लिए गर्व की बात है कि हम डॉ0 कलाम साहब के नाम पर रखे विश्वविद्यालय में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन बेहद सादगी से जीते हुए राष्ट्र को समर्पित कर दिया। उनका विचार हमेशा हमें प्ररेणा देता है। इस मौके पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ0 कलाम जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया।