Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Hunar Haat: आगरा के शिल्पग्राम में आज से कला और संस्कृति का संगम, 800 दस्तकार करेंगे हुनर का प्रदर्शन

आगरा के शिल्पग्राम में बुधवार से लघु भारत की झलक दिखाई देगी। मौका होगा कला, व्यंजन और संस्कृति के संगम हुनर हाट का। 18 से 29 मई तक आयोजित हाट में 32 राज्यों के 800 से अधिक दस्तकार अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। हाट आम लोगों के लिए बुधवार को ही खोल दी जाएगी। उद्घाटन बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल व प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे।

गुरुवार को होगा हुनर हाट का उद्घाटन

स्थानीय उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने और विभिन्न राज्यों की कला, व्यंजन एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय वर्ष 2016 से देशभर के शहरों में हुनर हाट आयोजित करता आ रहा है। पहली बार 18 से 29 मई तक शिल्पग्राम में आयोजित होने जा रही इस प्रदर्शनी का बृहस्पतिवार को विधिवत उद्घाटन होगा। हालांकि बुधवार से ही आम लोगों के लिए प्रवेश शुरू हो जाएगा।

हुनर हाट में निशुल्क मिलेगा प्रवेश

हुनर हाट में सुबह 10 से रात 10 बजे तक यहां रोजमर्रा की जरूरी चीजें चीनी, चाय की पत्ती से लेकर भागलपुर की सिल्क की साड़ी, कपड़े व अन्य घरेलू उत्पाद मिलेंगे। 300 से अधिक स्टॉल लगेंगी। स्टॉल का कोई किराया नहीं होगा। हाट में प्रवेश निशुल्क है। मंत्रालय की तरफ से हाट में भाग लेने वाले प्रत्येक दस्तकार व कारीगर को एक हजार रुपये प्रतिदिन का मानदेय मिलेगा।

दूध-जलेबी से लेकर लिट्टी-चोखा तक

विभिन्न राज्यों का पारंपरिक खान पान हुनर हाट में मिलेगा। बिहार के लिट्टी चोखा से लेकर हरियाणा की दूध जलेबी, हैदराबाद की बिरयानी, राजस्थान की दाल बाटी के स्टॉल होंगे। बनारसी, भागलपुरी सिल्क की साड़ियां, कश्मीरी शॉल व सूती कपड़ों की आकर्षक रेंज होगी। इनके अलावा बॉलीवुड के कलाकार रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। बच्चों के लिए भी सर्कस होगा।