Agra News: ‘हम ठाकुर हैं, हमारी सरकार है’, महिलाओं ने थाने पहुंचकर लगाई फरियाद – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Agra News: ‘हम ठाकुर हैं, हमारी सरकार है’, महिलाओं ने थाने पहुंचकर लगाई फरियाद

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक दबंग महिला के अत्याचार से परेशान दर्जनों महिलाओं ने थाने में फरियाद लगाई है। महिलाओं का कहना है कि रास्ते में आते-जाते दबंग महिला उन पर जातिसूचक फब्तियां कसती है। विरोध करने पर मारपीट कर देती है। शनिवार को भी अनिता पर उसने ईंट से हमला कर दिया। इससे पहले वह गीता, लक्ष्मी आदि को भी पीट चुकी है। महिला की दबंगई से क्षेत्रीय लोगों में भय का माहौल है। अनिता का कहना है कि दबंग महिला कहती है कि हम ठाकुर हैं, हमारी सरकार है। शनिवार दोपहर को दर्जनों महिलाओं ने थाना प्रभारी को अपनी व्यथा सुनाई। थाना प्रभारी ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। पीडि़त महिलाओं ने लिखित शिकायत की है।

मामला थाना एत्मादुद्वौला क्षेत्र का है। सुशील नगर की रहने वाली सुषमा चौहान पत्नी बॉबी पर आरोप है कि वह अपने क्षेत्र में दबंगई से पेश आती है। विरोध करने पर मारने पीटने पर उतारू हो जाती है। सुषमा के घर के सामने रहने वाली अनिता पत्नी संजय कुमार का कहना है कि शनिवार को वह अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी। सुषमा चौहान ने पीछे से उसकी पीट पर पत्थर मार दिया। पीछे मुड़कर देखा तो फिर से उसे पीटने लगी। अनिता का कहना है कि उसके अत्याचार से लोग बहुत ज्यादा परेशान है। महिला आसपास के कई लोगों के खिलाफ छेडख़ानी और बलात्कार की शिकातय करके केस दर्ज करवा दिए हैं। थाने में बैठी एक बुजुर्ग महिला का कहना है कि उसके तीन पुत्रों के खिलाफ भी एक मामला दर्ज करवा दिया गया है। कार्रवाई के डर से उसके तीनों बच्चे इधर-उधर भटक रहे हैं।

राशन की लाइन में भी नहीं लगती है सुषमा
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि थाना एत्मादुद्वौला के एक पुलिसकर्मी उसके यहां आते-जाते हैं। इसी के बूते सुषमा के हौसले बुलंद हैं। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि मोहल्ले में राशन की दुकान पर महिलाएं कतार में रहकर बारी-बारी से राशन लेती हैं, लेकिन सुषमा आते ही सबसे पहले राशन की लाइन में आगे लग जाती है। डर के मारे कोई भी उसका विरोध नहीं करता है। महिलाओं ने बताया कि थाने में शिकायत करने पर भी पुलिस उनकी सुनवाई नहीं करती है। गुस्साई महिलाओं का कहना है कि अगर उनकी सुनवाई नहीं हुई तो वे एसएसपी के कार्यालय जाकर अपनी फरियाद सुनाएंगे।

सुषमा को थाने ले आयी पुलिस
क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर सुषमा चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे थाने में रखा गया है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कोई भी कुछ कहने को तैयार नहीं है। हालांकि सुषमा का कहना है कि क्षेत्रीय लोग उसके विरोध में रहते हैं। उसके साथ भी लोग मारपीट करते हैं। थाना प्रभारी सत्यदेव शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। जबकि पीड़ित महिलाएं शाम तक थाने में ही डटी रहीं। पुलिस कार्रवाई से शिकायकर्ता महिलाएं संतुष्ट नहीं हैं। वह उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगीं।