Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

यूपी चुनाव परिणाम 2022: कांग्रेस ने 36 फीसदी सीटों पर महिलाओं को बनाया था उम्मीदवार, पढ़िए कैसी है इनकी स्थिति

कांग्रेस पार्टी ने इस बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में नई पहल करते हुए 36 फीसदी से अधिक सीटों पर महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था। प्रदेश में कांग्रेस के चुनावी रथ की कमान मुख्य रूप से प्रियंका गांधी ने संभाली थी और ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देते हुए उन्होंने वादा किया था कि महिला प्रत्याशियों को टिकट देने में प्रमुखता दी जाएगी।

उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 400 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें से लगभग 36 फीसदी महिलाएं हैं। अब गुरुवार को मतगणना की शुरुआत होने के साथ रुझान सामने आने लगे हैं। जानिए कांग्रेस की महिला उम्मीदवारों की क्या स्थिति है, कौन जीत की ओर है, कौन हार की ओर बढ़ रही हैं और किनकी जमानत तक जब्त हो गई।

खबर लिखे जाने तक प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सभी महिला उम्मीदवार पीछे चल रही हैं। इस बार के चुनाव में प्रदेश में सबसे अधिक महिलाओं ने चुनाव लड़ा। सभी पार्टियों ने कुल मिलाकर 271 महिलाओं को टिकट दिया था। भाजपा और सपा के गठबंधन ने 11-11 फीसदी महिला प्रत्याशी उतारे और बसपा ने आठ फीसदी महिलाओं को उम्मीदवार बनाया।

इन महिला उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त होने के आसार
कांग्रेस की जिन महिला नेताओं की जमानत जब्त हो सकती है उनमें स्याना विधानसभा सीट से पूनम, उन्नाव विधानसभा से आशा सिंह, कल्याणपुर विधानसभा से नेहा तिवारी और हस्तिनापुर से अर्चना गौतम जैसे उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा गोरखपुर शहरी विधानसभा सीट से चेतना पांडेय, चित्रकूट विधानसभा से निर्मला भी इसी लिस्ट में हैं।