ऐतिहासिक होगी महाशिवरात्रि, 11 लाख दीपों से सजेगी महाकाल की नगरी – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

ऐतिहासिक होगी महाशिवरात्रि, 11 लाख दीपों से सजेगी महाकाल की नगरी

उज्जैन. भोले की नगरी उज्जैन में इस बार महाशिवरात्रि (mahashivratri 2022) पर ऐतिहासिक आयोजन होगा। क्षिप्रा के घाट जगमगाएंगे और नगर का हर घर, हर डगर रोशन होंगे। 11 लाख दीपों से पूरी नगरी को सजाने की तैयारी है। इसके लिए शासन, प्रशासन के साथ सामाजिक संगठन व शहरवासी भी भागीदारी करेंगे। महाशिवरात्रि पर शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

महाशिवरात्रि पर 1 मार्च 2022 को एक साथ 11 लाख दीपों से शहर के सजाने के लिए अधिकृत तौर पर तैयारी शुरू हो गई है। भव्य आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए सोमवार को बृहस्पति भवन में बैठक हुई। इसमें उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, विधायक पारस जैन, कलेक्टर आशीष सिंह व एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल सहित अन्य अधिकारी व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल थे।

बैठक में मंत्री यादव ने कहा कि दीपोत्सव आयोजन करने के लिए विशेषज्ञों की पांच सदस्यीय कोर कमेटी का गठन किया जाएगा। यह समिति तय करेगी कि आयोजन को किस स्वरूप में मनाया जाना है। उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि वे अपनी ओर से जिम्मेदारी लेते हुए दीपों की संख्या व उन्हें लगाने वाले स्थान स्पष्ट रूप से कमेटी को अवगत करवाएं।