प्रदेश अध्यक्ष बनाने की अटकलों पर तोमर का विराम, बोले- जो बात विचार में नहीं, उस पर चर्चा क्यों – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

प्रदेश अध्यक्ष बनाने की अटकलों पर तोमर का विराम, बोले- जो बात विचार में नहीं, उस पर चर्चा क्यों

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के भोपाल दौरे ने पूरे प्रदेश में सियासी हलचल मचा दी है, लेकिन तोमर ने खुद के प्रदेश अध्यक्ष बनने की चर्चाओं पर खुद ही विराम लगा दिया। गुरुवार को भोपाल में मीडिया से बातचीत में कहा कि जो बात विचार में नहीं, उस बारे में चर्चा की जरूरत ही नहीं।
-तोमर ने कहा कि उनके दौरे का प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन से कोई लेना देना नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने पर कोई विचार नहीं किया गया। उन्होंने मौजूदा अध्यक्ष नंदकुमार चौहान को हटाए जाने की अटकलों को भी सिरे से खारिज करते हुए खुद को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की अटकलों को महज अफवाह बताया।
दिल्ली में मंत्रियों के साथ मुलाकात में बनी रही जोड़ी
-साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश अध्यक्ष बदलने जाने की अटकलों कई दिनों से लगाई जा रही हैं। साथ ही बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से सीएम शिवराज सिंह की मुलाकातों में तोमर के मौजूद रहने से चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। इस बीच तोमर के भोपाल दौरे से सियासी हलचल बढ़ गई। संभावना जताई जा रही थी कि चुनावों को देखते हुए प्रदेश भाजपा संगठन में बड़े पैमाने पर फेरबदल किए जाएंगे।
-भाजपा हाईकमान के करीबी माने जाने वाले राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह भी भोपाल के 3 दिनी दौरे के बाद यहां की स्थिति का आकलन कर लौट गए हैं। ऐसे में संभावनाएं थी कि तोमर के दौरे के साथ ही कोई बड़ी घोषणा हो सकती है, लेकिन खुद तोमर ने सभी अटकलों को विराम दे दिया है।