कोरबा जिले में अब तक 25 हजार किसानों ने बेचा 10 लाख क्विंटल धान, इतने का भुगतान – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

कोरबा जिले में अब तक 25 हजार किसानों ने बेचा 10 लाख क्विंटल धान, इतने का भुगतान

एक दिसम्बर 2020 से शुरू किए गए धान खरीदी महापर्व में जिले के किसानों की सहभागिता महत्वपूर्ण रही है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों के लिए धान बेचने की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में अभी तक 79 प्रतिशत से अधिक किसानों ने धान बेच लिया हैं। अभी तक जिले के 25 हजार 831 किसानों से एक लाख आठ हजार 722 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है।

धान बेचने के लिए कुल पंजीकृत 32 हजार 590 किसानों में से 79 प्रतिशत किसान अपना धान बेच चुके हैं। जिले में धान बेचने वाले किसानों को औसतन दो से तीन दिनों में बेचे गए धान की राशि आनलाइन के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है। अभी तक किसानों को बेचे गए धान के एवज में 203 करोड़ 77 लाख रूपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है।

जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में जिले के लिए धान खरीदी के लिए शासन ने एक लाख 20 हजार 400 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया है। एक लाख आठ हजार 722 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। लक्ष्य आपूर्ति के लिए 11 हजार 678 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जाना बाकी है। अभी तक खरीदे गए धान में मोटा धान 97 हजार 115 मीट्रिक टन, पतला धान एक हजार 961 मीट्रिक टन तथा सरना धान नौ हजार 645 मीट्रिक टन शामिल है।