चतरा जिले में कोरोना से एक और संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक शहर के गुदरी बाजार का रहने वाला है। इस प्रकार जिले में कोरोना से अब तक ग्यारह लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जाता है कि संक्रमित व्यक्ति 28 अक्टूबर को रांची के एक निजी अस्पताल में अपनी मां का इलाज कराने के लिए गया था। यहां कोरोना जांच के दौरान व्यक्ति संक्रमित पाया गया।
डॉक्टरों ने उसे आइसोलेट करते हुए इलाज शुरू कर दिया। करीब 14 दिनों तक आइसोलेशन में रखने के बाद मंगलवार की रात्रि उसकी मौत हो गई। मृतक की उम्र तकरीबन 43 वर्ष थी। इसकी जानकारी होते ही परिजन शव को घर लाने के लिए रांची निकल गए हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक शव चतरा नहीं पहुंची है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि संक्रमित के संपर्क में आए सभी लोगों की जांच के लिए सैंपल लिया जा रहा है।
चतरा में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 1378 तक पहुंच चुकी है। इसमें 1278 स्वस्थ हो चुके हैं तथा ग्यारह की मौत हुई है। सिविल सर्जन डा. अरुण कुमार पासवान ने बताया कि कोरोना की जांच को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक दिन चार से पांच सौ सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ट्रूनेट के जरिए जांच की व्यवस्था है।इसके अलावा पंचायत स्तर पर जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। संक्रमितों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। उन्होंने कहा कि जब तक वैक्सीन नहीं आती है, तब तक सावधानी बरतें। घर से बाहर निकलने के साथ ही चेहरे पर मास्क लगा लें। एक दूसरे से शारीरिक दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि ठंड का असर बढ़ने के साथ कोरोना का खतरा और बढ़ सकता है। इसलिए सावधानी जरूरी है।
More Stories
करंट की चपेट में आई बारातियों से भरी बस,तीन की मौत,5 करंट
हेमंत सोरेन पांच महीने बाद जेल से छूटे हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री से मिले झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि मंडल ने अपराध नियंत्रण के लिए गंभीर कदम उठाने का आग्रह किया