Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

3 हजार रेल कर्मियों को साढ़े 4 करोड़ रुपये वापस करने का आदेश, कर्मचारियों में मची खलबली; जानिए क्‍या है पूरा मामला

रांची रेल मंडल के तकरीबन 3000 कर्मचारियों को रात्रि भत्ता के साढ़े चार करोड़ रुपये वापस करने होंगे। इस संबंध में रेलवे बोर्ड का आदेश आने के बाद रांची रेल मंडल के कर्मचारियों में खलबली मच गई है। कर्मचारी इस फैसले के खिलाफ एकजुट हो गए हैं। कर्मचारी इसे गलत बताते हुए फैसले को वापस करने की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि रात्रि ड्यूटी करने वाले रेल कर्मचारियों को रेलवे रात्रि भत्ता देती है। रेलवे बोर्ड ने फैसला किया था कि जिस रेल कर्मचारी की बेसिक 43 हजार 600 रुपये से ज्यादा है। उसे अब रात्रि भत्ता नहीं मिलेगा। रेलवे बोर्ड ने एक जुलाई 2017 से इस फैसले को लागू करने की बात कही थी। इसके बावजूद रेलवे बोर्ड कई कर्मचारियों को रात्रि भत्ते का अब तक भुगतान करता रहा था।

अब रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी किया है कि जिन कर्मचारियों को 2017 से लेकर अब तक रात्रि भत्ता का भुगतान हुआ है, उनसे यह रकम वापस ली जाएगी। रांची रेल मंडल में लगभग साढ़े 6 हजार रेल कर्मचारी हैं। इनमें से लगभग 3000 कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 43 हजार 600 रुपये से ऊपर है। यानी अब ये कर्मचारी रेलवे के नए आदेश के अनुसार रात्रि भत्ते के हकदार नहीं हैं। रेलवे बोर्ड के आदेश के मुताबिक इन 3000 कर्मचारियों को 1 जुलाई 2017 से अब तक मिले रात्रि भत्ते की रकम वापस करनी होगी।