सोयाबीन की बर्बाद फसल को देखकर किसान काफी दुखी हैं। – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

सोयाबीन की बर्बाद फसल को देखकर किसान काफी दुखी हैं।

लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सोयाबीन की बर्बाद फसल को देखकर किसान काफी दुखी हैं। शाजापुर जिले के किलोदा और अय्यापुर गांव के किसानों के आंख से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। दो किसानों ने तो बर्बाद फसल को देखकर खेत में ही लोट लगा दी। सिर पीटकर रोते हुए बस एक ही बात कर रहे- मैं बर्बाद हो गया हूं। कर्ज लेकर फसल बोई, अब क्या होगा। किसानों के इस तरह के विलाप से समझा जा सकता है कि बारिश से उनका सबकुछ नष्ट हो गया है कैबिनेट मंत्री उषा ठाकुर ने शनिवार सुबह महू क्षेत्र के विभिन्न गांव का दौरा किया। सुबह बारिश में ही मंत्री ठाकुर कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों के साथ गांवों में किसानों के बीच पहुंचीं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार हरसंभव मदद करेगी। फसल बीमा और राहत राशि के तहत हर किसान को सहायता की जाएगी। ठाकुर ने नागदा, हरसोला, कोदरिया, गवली पलासिया, जामली, बिचोली, जानापाव कुटी और नांदेड़ गांव में फसलों की स्थिति देखी। किसानों से चर्चा में फसलों की खराब स्थिति पर मंत्री ठाकुर ने चिंता जाहिर की।ठाकुर ने कहा कि इस विपरीत परिस्थिति में प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी है। सोयाबीन के इस नुकसान की भरपाई की हरसंभव कोशिश की जाएगी। इसके लिए फसल बीमा के अलावा राहत राशि को लेकर भी मुख्यमंत्री से चर्चा करूंगी। हमारे मुख्यमंत्री भी किसान पुत्र हैं, इसलिए किसान परिवार खुद को अकेला नहीं समझे। 6 सितंबर को 45 सौ करोड़ की राशि 19 लाख किसानों के खाते में डाली जाएगी। सरकार किसानों के साथ खड़ी है। इस दौरान ठाकुर के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष कविता पाटीदार, भाजपा नेता कंचन सिंह चौहान सहित कृषि विभाग अधिकरी और कृषि वैज्ञानिक मौजूद थे।