Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Paris Olympics 2024: टोक्यो के बाद पेरिस में भी ब्रॉन्ज, मप्र के विवेक के गले में दूसरा पदक, इटारसी में मना जश्न

इटारसी में जश्न मनाते हाकी के प्रशंसक।

HighLights

उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने पदक जीतने पर हॉकी टीम को दी बधाईभोपाल के लिंक रोड स्थित हॉकी अकादमी में खिलाड़ियों ने मनाया जश्न विवेक के इटारसी स्थित घर में भी जमकर जश्न मनाया जा रहा है।

नवदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। गुरूवार को पेरिस में आयोजित ओलिंपिक गेम्स में भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन की टीम को 2-1 से हरा दिया। इस तरह भारतीय टीम इस स्पर्धा में कांस्य पदक की हकदार बन गई है। लगातार दूसरी बार ओलंपिक खेल में भारतीय हॉकी टीम ने पदक जीता है।

इस रोमांचक मैच में दोनों अहम गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने किए। इटारसी से 15 किमी. दूर बसे गांव शिवनगर चांदौन के खिलाड़ी विवेक सागर ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। जैसे ही ओलंपिक में भारत की जीत की खबर आई, वैसे ही विवेक के गांव चांदौन और शहर के गांधी मैदान के पास जिला हॉकी संघ के खिलाड़ियों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।

ढोल ढमाकों के साथ हॉकी खिलाड़ी, विवेक के दोस्त, गांव के युवा और उनके भाई विद्यासागर प्रसाद ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया। यहां भारत माता की जय के नारे लगाते हुए जमकर डांस किया। गांव में मिठाई बांटी गई। विद्यासागर ने बताया कि जैसे ही टीम के जीतने की खबर लगी, गांव में विवेक के प्रशंसक और दोस्त जमा हो गए, पूरे गांव ने इस जीत का जश्न मनाया।

विद्यासागर ने कहा कि पेरिस खेलने जाने से पहले विवेक ने कहा था कि इस बार भी हम पेरिस में देश का नाम रोशन करेंगे। पूरी टीम ने कप्तान के नेतृत्व में बेहतर प्रदर्शन किया है। अभी उनकी विवेक से बात नहीं हो सकी है, चूंकि विवेक अभी कॉरीडोर में हैं, लेकिन उनके आने का पूरा गांव और शहर इंतजार कर रहा है। इस बार भी विवेक की वापसी पर भव्य स्वागत समारोह रखा जाएगा।

इधर, जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों ने मेजर ध्यानचंद्र चौराहे पर जीत की खुशी में तिरंगा लहराते हुए जमकर ढोल बजाते हुए डांस किया। खिलाड़ियों के साथ मैदान पर अभ्यास करने आ रहे बच्चों ने भी भारतीय टीम की जीत पर खुशियां मनाईं। डीएचए सचिव कन्हैया गुरयानी ने कहा कि हमारी टीम ने एक बार फिर कामयाबी हासिल की है। हमें विवेक पर पूरा भरोसा था, विवेक के आने का इतंजार कर रहे हैं। चौराहे पर जश्न मनाते हुए सारे खिलाड़ी जयस्तंभ चौक पहुंचे, यहां भी टीम ने जीत की खुशी में आतिशबाजी की।

उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने दी बधाई

उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने पेरिस ओलिम्पिक में भारतीय हाकी टीम को कांस्य पदक जीतने पर पूरी हॉकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम ने भारत का गौरव बढ़ाया है। भारतीय हॉकी टीम ने अत्यंत कलात्मक हॉकी का प्रदर्शन कर भारतवासियों का दिल जीत लिया।