इस राज्य में घटी भाजपा की सीटें, फिर भी उत्साहित हैं नेता; केंद्रीय नेतृव को भी बताएंगे इसकी वजह – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

इस राज्य में घटी भाजपा की सीटें, फिर भी उत्साहित हैं नेता; केंद्रीय नेतृव को भी बताएंगे इसकी वजह

लोकसभा चुनाव 2024 में पश्चिम बंगाल में भाजपा को छह सीटों का झटका लगा है। इसके बावजूद प्रदेश नेतृत्व उत्साहित है। इसकी वजह यह है कि 2021 विधानसभा चुनाव की अपेक्षा लोकसभा चुनाव में मत प्रतिशत में इजाफा हुआ है। हालांकि यह आंकड़ा 2019 के मुकाबले कम है। 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा को 18 सीटों पर सफलता मिली थी।

बंगाल भाजपा इस बार के लोकसभा चुनाव में राज्य में सीटें कम होने पर भी 2021 के विधानसभा के चुनाव के मुकाबले पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ने से काफी उत्साहित है। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश भाजपा केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाने वाली रिपोर्ट में इस सफलता का उल्लेख कर सकती है।

भाजपा को छह सीटों का हुआ नुकसान

केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश में आशा के अनुरूप सफलता नहीं मिलने पर राज्य इकाई से रिपोर्ट मांगी है। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि 2019 लोकसभा चुनाव में उसे 18 सीटों पर सफलता मिली थी।

कितना बढ़ा भाजपा का वोट?

2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 37.97 प्रतिशत वोट मिले थे। इस बार के लोकसभा चुनाव में यह थोड़ा बढ़कर 38.73 प्रतिशत हो गया। प्रदेश भाजपा नेतृत्व इसे पार्टी की सफलता के रूप में उजागर करना चाहता है। हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को राज्य में 40.60 प्रतिशत वोट मिले थे।

वोट प्रतिशत बढ़ने से उत्साहित भाजपा

पार्टी का दावा है कि सीटों की संख्या के मामले में भले ही पिछड़ गए, लेकिन वोट प्रतिशत के मामले में आगे हैं, जो 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए उत्साहजनक है। इस बार शहरी इलाकों में भाजपा ने अपेक्षाकृत अच्छा प्रदर्शन किया है।

कोर कमेटी की बैठक आज

दूसरी तरफ प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक शनिवार को है। बंगाल के प्रभारी चार केंद्रीय नेताओं सुनील बंसल, मंगल पांडे, अमित मालवीय और आशा लकड़ा के वहां मौजूद रहने की उम्मीद है। बैठक में इस रिपोर्ट पर चर्चा हो सकती है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक इसी रिपोर्ट के आधार पर अगले विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाई जाएगी।