संकल्प यात्रा में कुंदरी पंचायत पहुंचे बाबूलाल मरांडी, महिलाओं से किया संवाद – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

संकल्प यात्रा में कुंदरी पंचायत पहुंचे बाबूलाल मरांडी, महिलाओं से किया संवाद

नीलांबर पीतांबरपुर प्रखंड के कुंदरी व जामुनडीह पंचायत में शुक्रवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बाबूलाल मरांडी सहित अन्‍य कई दिग्‍गजों ने किया। इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभांवित महिलाओं से संवाद किया। कार्यक्रम में भाजपाइयों ने विकसित भारत का संकल्प भी लिया।

05 Jan 2024

नीलांबर पीतांबरपुर (पलामू) : नीलांबर पीतांबरपुर प्रखंड के कुंदरी व जामुनडीह पंचायत में शुक्रवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बाबूलाल मरांडी, पांकी विधायक कुशवाहा डा. शशि भूषण मेहता, भाजपा जिला अध्यक्ष विजयानंद पाठक, जिला प्रभारी विनय जायसवाल, मनोज सिंह, लवली गुप्ता, अमित तिवारी, विनोद सिंह आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि,विधायक समेत उपस्थित सभी महिलाओं के साथ-साथ भाजपाइयों ने विकसित भारत का संकल्प लिया।

बाबूलाल ने महिलाओं से किया संवाद

बाबूलाल मरांडी ने केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभांवित महिलाओं से संवाद किया। कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कहा कि देश के हर जरूरतमंदों का पक्का का घर बन गया। हर घर बिजली पहुंचाई गई है। उज्ज्वला योजना के तहत गैस का कनेक्शन व इलाज के लिए आयुष्मान भारत की सुविधा दी गई। कोरोना कल से लेकर अब तक देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज दिया जा रहा है। किसानों को प्रतिवर्ष 6000 रुपए का अनुदान मोदी सरकार दे रही है।मोदी का सपना है कि जब देश के आजादी का 100वां साल पूरा होने तक देश विकसित श्रेणी में पहुंच जाए। इस सपना को साकार करने के लिए देश के हरेक नागरिक का सहयोग चाहिए।

विकसित भारत में महिलाओं का सशक्त होना जरूरी

मौके पर पांकी विधायक कुशवाहा डा शशि भूषण मेहता ने कहा कि जागरूकता के अभाव में ग्रामीण क्षेत्र के लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। वैसे लोगों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कहा कि विकसित भारत में महिलाओं का सशक्त होना जरूरी है। इसी कड़ी में वे अपने विधानसभा क्षेत्र की सभी महिला समूह के बीच सिलाई मशीन व अंगवस्त्र का वितरण कर रहे हैं।

कार्यक्रम में रहे ये भी उपस्थित

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी व संचालन बीपीआरओ विनय कुमार शर्मा ने किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता लाल सूरज, श्याम बाबू, धीरेंद्र उपाध्याय, सांसद प्रतिनिधि ललित मेहता, अरुण सिंह, मंजू लता, भाजा युवा मोर्चा अध्यक्ष चंदन सोनी, ओम प्रकाश दुबे समेत कई भाजपा नेता व बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।