अनाथों के नाथ कांठा सिंह ने दुनिया को कहा अलविदा, राष्ट्रपति पुरस्कार से हो चुके सम्मानित, अपने अनाथालय में ही ली अंतिम सांस – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

अनाथों के नाथ कांठा सिंह ने दुनिया को कहा अलविदा, राष्ट्रपति पुरस्कार से हो चुके सम्मानित, अपने अनाथालय में ही ली अंतिम सांस

अनाथों के नाथ कहे जाने वाले कांठा सिंह का निधन हो गया है। वह तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल के हाथों सम्मानित भी चुके हैं। राष्ट्रपति ने कांठा के ऐसे प्रयास की खूब सराहना की थी जिसके बाद उन्‍हें पहचान मिलनी शुरू हो गई। वह फिल्म अभिनेता आमिर खान समेत कई बड़े हस्तियों से मिल चुके थे। उन्‍होंने अंतिम सांस भी अनाथालय में ही ली।

04 Jan 2024

घाटशिला : तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल के हाथों सम्मानित होने वाले घाटशिला के लेदा निवासी कांठा सिंह का निधन हो गया। सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र में अनाथों के नाथ के रूप में कांठा सिंह की पहचान बनी थी। दिल्ली तक लोग उन्हें जानने लगे थे।

राष्‍ट्रपति ने की थी कांठा की जमकर सराहना

कांठा सिंह अनाथालय वर्ष 1999 में शुरू हुआ था। लेदा गांव में अनाथालय संचालन से घाटशिला अनुमंडल में अनाथों के नाथ के नाम से कांठा की पहचान बनी। वर्ष 2009 का दौर था, जब कांठा सिंह को पूरी दुनिया ने जाना। तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल के बुलावे पर कांठा सिंह अपने बच्चों के साथ दिल्ली गए। 27 नवंबर, 2009 को दिल्ली में राष्ट्रपति ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उनके साथ बच्चों ने भी राष्ट्रपति से मुलाकात की थी। राष्ट्रपति ने कांठा के ऐसे प्रयास की खूब सराहना की थी, जिसके बाद उनका नाम तेजी से मशहूर होने लगा।

अनाथालय में ही ली अंतिम सांस

वह फिल्म अभिनेता आमिर खान समेत कई बड़े हस्तियों से मिल चुके थे। हालांकि, वर्ष 2019 में झारखंड सरकार के सचिव के आदेश पर अनाथालय के जांच में कई खामियां पाए जाने के बाद निबंधन रद्द कर दिया गया था। जिसके बाद कुछ दिनों तक कांठा सिंह गरीब बच्चों के लालन पोषण के भगीरथी प्रयास में जुटे रहे।

जमशेदपुर लोकसभा से उन्होंने चुनाव भी लड़ा था। उन्होंने अंतिम सांस भी अनाथालय में ही ली। गुरूवार उनके निधन की खबर पाकर पूर्व विधायक कुणाल, पार्षद देवयानी मुर्मू समेत कई जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।