इस नए वर्ष में शहरवासियों को मिलेंगे तीन फ्लाईओवर, रांची में तेजी से चल रहा निर्माण – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

इस नए वर्ष में शहरवासियों को मिलेंगे तीन फ्लाईओवर, रांची में तेजी से चल रहा निर्माण

इस साल रांची में कुछ खास होने वाला है। स्मार्ट सिटी में तीन फ्लाईओवर के लिए बिडिंग हो चुकी है। इंफ्रास्ट्रकचर विकसित होने से शहर का स्वरूप बदल जाएगा। पथ निर्माण विभाग की ओर से विकास से कांटाटोली चौक होते हुए दुर्गा सोरेन चौक तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। मार्च तक फोरलेन सड़क का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

01 Jan 2024

रांची : नए वर्ष में राजधानी को कई विकासशील योजनाओं का लाभ मिलने जा रहा है। तीन फ्लाईओवर, विकास-रामपुर एनएच-33, विकास से कांटाटोली चौक होते हुए दुर्गा सोरेन चौक तक फोरलेन सड़क, स्मार्ट सिटी परिसर में कालेज, अस्पताल व होटल के लिए बिडिंग हो चुकी है। इन सभी योजनाओं से राजधानीवासियों को लाभ पहुंचेगा। फ्लाईओवर व एनएन-33 निर्माण पूरा होने से शहरवासियों को जाम से राहत मिलेगी। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी में इंफ्रास्ट्रकचर विकसित होने से शहर का स्वरूप बदल जाएगा

तीनों फ्लाईओवर का दिखने लगा स्वरूप

राजधानी में बन रहे सिरमटोली फ्लाईओवर, कांटाटोली फ्लाईओवर और रातू रोड एलिवेटेड कारिडोर का काम तेजी से हो रहा है। तीनों फ्लाईओवर में डेक स्लैब चढ़ाए जाने लगे हैं। वर्ष 2025 में तीनों फ्लाईओवर चालू करने का प्रयास किया जा रहा है। तीनों फ्लाईओवर चालू होने से राजधानीवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

जनवरी मे चालू हो सकता है विकास-रामपुर एनएच-33

विकास रामपुर एनएच-33 का काम तेजी से हो रहा है। एनएचएआइ निर्माण कार्य करा रहा है। जनवरी माह तक एनएच-33 का काम पूरा करने का दावा कर रही है। विकास-रामपुर का काम पूरा होने से वर्षों से रुका हुआ रिंग रोड का काम पूरा हो जाएगा। एनएच-33 का निर्माण पूरा होने से भी राजधानीवासियों को जाम से राहत मिलेगी।

विकास से दुर्गा सोरेन चौक फोरलेन सड़क

पथ निर्माण विभाग की ओर से विकास से कांटाटोली चौक होते हुए दुर्गा सोरेन चौक तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। मार्च तक फोरलेन सड़क का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य पूरा होने से विकास से दुर्गा सोरेने चौक निर्बाध रूप से गाड़ियों का परिचालन हो सकेगा।

स्मार्ट सिटी में तेजी से चल रहा निर्माण

स्मार्ट सिटी परिसर में इंफ्रास्ट्रकचर का निर्माण तेजी से हो रहा है। विधायकों का आवास भी बनाया जा रहा है। इसके साथ ही चौथे चरण में लाटरी के लिए कालेज, अस्पताल व होटल के लिए प्लाट रखा गया है। लाटरी में हिस्सा लेने के लिए विभिन्न कंपनियों ने बिडिंग भी किया है।