विस चुनाव में हार के बाद अब कांग्रेस संगठन में फेरबदल के मिल रहे संकेत – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

विस चुनाव में हार के बाद अब कांग्रेस संगठन में फेरबदल के मिल रहे संकेत

29-Dec-23

रायपुर : विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस संगठन लगातार समीक्षा के बाद अब संगठन स्तर पर फेरबदल करने जा रही है। राजधानी रायपुर में दो दिन की समीक्षा बैठक के बाद कई बिंदुओं पर निर्णय लिया गया है। नागपुर में कांग्रेस की महारैली के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई महत्वपूर्ण पदों पर भी नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। सबसे पहले उन जिलों को सामने रखा जाएगा, जहां विधानसभा में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। इसमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित 15 से अधिक जिले हैं। अन्य जिलों में बलौदाबाजार, महासमुंद, कोरिया, सरगुजा, कोरबा, कवर्धा, बलरामपुर, जगदलपुर आदि शामिल हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद जिलाध्यक्षों की भूमिका पर सवाल उठ चुके हैं। पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेशाध्यक्ष को बदलने की संभावना कम है। विधानसभा चुनाव के चार महीने पहले ही दीपक बैज को कमान सौंपी गई थी। इससे पहले मोहन मरकाम प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष थे। मरकाम व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच राजनीतिक खींचतान के बाद बैज को जिम्मेदारी दी गई। हालांकि विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन पर समीक्षा बैठक में बैज पर भी सवाल दागे गए। उन्होंने अपना जवाब हाईकमान के सामने रखा है।जानकारी के अनुसार, उनकी नियुक्ति आगे बढ़ाई जा सकती है।