विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची ग्राम पंचायत पेण्डरवानी – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची ग्राम पंचायत पेण्डरवानी

केन्द्र शासन की योजनाओं से जनसामान्य हो रहे लाभान्वित

किसानों को कृषि के नवीन तकनीक को अपनाने के लिए किया जा रहा  प्रेरित

किसान श्री विदेशी के खेत में ड्रोन से नैनो यूरिया के छिड़काव का किया गया प्रदर्शन

मोबाईल वैन माध्यम से जनसामान्य को दी जा रही योजनाओं की जानकारी

 राजनांदगांव 28 दिसम्बर 2023

भारत सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत जिले के सभी ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आज डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत पेण्डरवानी में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत मोबाईल वैन पहुंची। मोबाईल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और कार्यक्रम में केन्द्र सरकार की योजनाओं से वंचित एवं जरूरतमंदों को मिशन मोड़ में जोड़ा जा रहा है। इस दौरान केन्द्र सरकार की योजनाओं से लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों से सीधे संवाद कर प्रतिक्रिया जानी गई और लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सभी ने विकसित भारत के निर्माण के लिए शपथ ली। कार्यक्रम में धरती कहे पुकार के अंतर्गत स्वसहायता समूह की महिलाओं ने जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए नाट्य प्रस्तुति दी तथा रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा किसान श्री विदेशी राम पटेल के खेत में ड्रोन से नैनो यूरिया के छिड़काव का प्रदर्शन किया गया और किसानों को इससे होने वाले सुविधा एवं लाभ के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। किसानों को बताया गया कि ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक, तरल उर्वरक डीएपी एवं फंगस नाशक का छिड़काव आसानी से किया जा सकता है। ड्रोन के उपयोग से मजदूरी एवं परिवहन का खर्च बचेगा तथा पौधों के उर्वरक क्षमता में वृद्धि होगी। खाद्यान्न की उत्पादकता एवं गुणवत्ता भी बढ़ेगी। कृषि कार्य में नवीन तकनीक का उपयोग करने के लिए शासन द्वारा निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत किसानों को कृषि के नवीन तकनीक को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
 कार्यक्रम के प्रारंभ में मोबाईल वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का वाचन किया गया। इस अवसर पर सभी ने विकसित भारत के लिए संकल्प लिया एवं चलचित्र के माध्यम से विकसित भारत के उद्देश्य की सामान्य जानकारी दी गई। वैन के माध्यम से कृषि गतिविधि, ड्रोन डेमोंस्ट्रेशन व स्वाईल हेल्थ कार्ड डेमोंट्रेशन का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण कर किया गया। केन्द्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों ने मेरी कहानी मेरी जुबानी पहल के तहत अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सरपंच श्री जीवन लाल पटेल, उप सरपंच श्री कृपा राम साहू, जनप्रतिनिधि, विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। 
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाल में केन्द्र सरकार की योजनाओं और सुपोषण के संबंध में जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम अंतर्गत गर्भवती माताओं को सुपोषण किट प्रदान किया। कृषि विभाग के स्टॉल में किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा जैविक कीटनाशक के उपयोग करने के संबंध में जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ एवं रबी की जानकारी दी गई।   स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में मरीजों की सिकलिन जांच, टीबी, स्क्रीनिंग, शुगर जांच, ब्लड प्रेशर जांच, रक्त परीक्षण किया गया तथा उन्हें नि:शुल्क दवाईयों का वितरण किया गया। आयुर्वेद विभाग के स्टॉल में मरीजों को नि:शुल्क दवाईयों का वितरण किया गया। हृदय रोग की रोकथाम, स्वस्थ जीवन हेतु संतुलित आहार के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया और वितरण किया गया। स्टाल में बड़ी संख्या में अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में खाद्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत हितग्राहियों का केवाईसी किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन,राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, उद्यानिकी विभाग और आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के स्टाल में विभागीय योजनाओं के संबंध में ग्रामीणों को अवगत कराया गया।