मुरैना में ठंड के साथ छाया घना कोहरा, हाईवे पर चार जगह वाहन टकराए, कई घायल – Lok Shakti

Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

मुरैना में ठंड के साथ छाया घना कोहरा, हाईवे पर चार जगह वाहन टकराए, कई घायल

मुरैना में ठंड बढ़ने के साथ घना कोहरा भी छाने लगा है, जिसे हाईवे पर चार अलग-अलग हादसे हुए।

25 Dec 2023

मुरैना : जिले में सर्दी जोर पकड़ने लगी है। रविवार को इस सीजन का सबसे घना कोहरा छाया, जिसमें हाईवे पर कई हादसे भी हुए। सुबह 10 बजे तक सूरज नहीं निकला और जब कोहरा छंटा तो सर्दी ठिठुराने लगी। रविवार को न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सर्दी का असर अब लगातार बढ़ता जाएगा। आसमान में छाए बादलों के कारण शनिवार रात 10 बजे से ही कोहरे की धुंध छाने लगी। शहरी क्षेत्र में ही रात 12 बजे इतना घना कोहरा हो गया, कि सड़क पर 40 मीटर दूर की चीजें धुंध में गायब हो गई। रात बढ़ने के साथ कोहरा और घना होता गया। रविवार तड़के कोहरा इतना घना हो गया, कि शहर में ही 25 मीटर दूर की चीजें साफ नहीं दिख रही थी।

बीहड़ क्षेत्र से गुजरे नेशनल हाईवे 44 पर तो धुंध से हालात और भी विकराल थे। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक इतना घना कोहरा था कि 15 से 20 मीटर दूर की चीजें भी धुंध में गायब हो गई थीं। सुबह 10 बजे तक हाईवे पर वाहन हेडलाइट जलाकर धीमी रफ्तार में चलते दिखे। कोहरा छंटने के बाद हवा ने शीत लहर जैसा रूप ले लिया। आसमान में बादल रहने से धूप की चमक भी कमजोर थी, इसलिए धूप में भी लोग ठंड से राहत नहीं पा सके।